Friday, 10 February 2012

राहुल गांधी का सपना,यूपी हो अपना

कहा जाता है की उत्तर प्रदेश से हो कर संसद की सीड़ियाँ तय होती हैं,इस बात का ख्याल राहुल गांधी को तब नही था जब उन्होंने उत्तर प्रदेश के उन कामगार लोगों की खिल्ली फूलपुर के शुरूआती चुनावी रैली में उड़ाई थी जो यूपी से दुसरे राज्यों में कारोबार करने के लिए जाते हैं,पर मामला तूल पकड़ते ही पूरी कांग्रेस पार्टी बैकफुट पर आ गयी, लगे हाथ फूलपुर में सपा के कार्यकर्ता की केन्द्रीय मंत्रियों द्वारा की गयी पिटाई ने भी कांग्रेस को परेशानी में डाल दिया था,इन सब से उभरते हुए राहुल गांधी ने यूपी फतह की कमान खुद के कन्धों पर ले ली,गांधी परिवार की इस नई पीढ़ी के खेवनहार  ने यूपी के दूर-दराज़ इलाकों के तूफानी दौरे कर डाले,इनमे जुटने वाली भीड़ और राहुल जिंदाबाद के लगने वाले नारों ने कांग्रेस को यूपी विजय का सपना दिखा दिया !
एक ओर जहाँ उत्तर प्रदेश में चुनाव प्रचार के उद्घाटन मौके पर छात्र नेता की पिटाई हुई वहीँ दूसरी ओर फैजाबाद के मिल्कीपुर में राहुल गांधी नवजवानों के सहारे मृतप्राय कांग्रेस में जान फूंकने की बात करने लगे,राहुल में आया यह बदलाव एक परिपक्व राजनेता के प्रारम्भिक विजय का सूचक लगने लगा,राजनैतिक पंडितों की माने तो अब अमूल बेबी हाथी के चारे पर सवाल और सायकिल के समाजवाद पर निर्भीकता से वार करने लगा है,राहुल की सभा में जहाँ एक ओर हजारों की संख्या में लोग उन्हें सुनने आ रहे हैं वही कुछ जगह से उनके विरोध की खबर भी मिल रही है,फिर भी यूपी की जनता को सीखने और समझने आये राहुल को  फैजाबाद में सुरक्षा घेरा तोड़ लोगों से हाथ मिलाने से कोई रोक नही पाया.!
पिछले बाईस सालों से वनवास झेल रही कांग्रेस के लिए यूपी चुनाव में जीत हासिल करना एक सपने जैसा लग रहा है,जहाँ उत्तर प्रदेश में बाकी अन्य पार्टियाँ जाती-वाद के मुद्दे को अन्दुरुनी तरीके से स्वीकार्य कर अपना गुणा गणित फिट करने में लगी हैं वहीँ कांग्रेस मजबूत प्रत्यासियों के सूखे से आज भी पीड़ित है,दिग्ग्विजय का जादू पूर्वांचल में अपनी पकड़ नही बना पाया,इसके लिए खुद दिग्गी राजा कितने कसूरवार है और कितनी कांग्रेस की राजनीति यह तो चुनाव बाद ही पता चल पायेगा फिलहाल उलेमा कौंसिल और पीस पार्टी ने कथित आतंकवाद एवं अल्पसंखयक युवाओं को बेवजह जेल में डालने के मुद्दे को लपकने में कामयाबी हासिल कर दिग्ग्विजय के सपने को ठेस पहुचने का काम किया है,वहीँ अन्य पिछड़ी जातियों के २७ % आरक्षण में से ४.५% आरक्षण अल्पसंख्यकों को देने के मामले में भी कांग्रेस को मुह की खानी पड़ी,भारतीय जनता पार्टी एवं बहुजन समाज पार्टी कांग्रेस के इस फैसले के मुखर विरोध में आ गये हैं वही दूसरी तरफ सलमान खुर्शीद के ९% के वायदे ने पिछड़ों के भीतर एक भय बनाने का काम किया है,इस मुद्दे पर भी अन्य पार्टियों ने कांग्रेस को घेरने का प्रयास किया किन्तु सफलता का प्रतिशत कितना हाथ आया ये  कहना मुश्किल होगा,पर इस संवेदनशील मुद्दे को भुनाने में बीजेपी ही दिलेरी दिखा रही है,बाबूलाल कुशवाहा प्रकरण से पिछड़े से  अगड़ा बनने के चक्कर में अपनी फजीहत पार्टी के भीतर करवाने के बाद आरक्षण एवं भ्रष्टाचार के मुद्दे पर आगे आ कर चिल्लाने से फिलहाल तो तौबा कर चुकी बीजेपी के लिए कांग्रेस को रोकना यूपी में मुश्किल हो रहा है !
अन्ना द्वारा दिया गया भ्रष्टाचार का मुद्दा यूपी में आते आते दम तोड़ चूका फिर भी कांग्रेस को नैतिक प्लेटफार्म पर घेरने के लिए वर्तमान में समाजवादी पार्टी से ज्यादा हिम्मत किसी अन्य में नही ,उसकी वजह बीजेपी द्वारा केन्द्र में कांग्रेस को घेरने के लिए की गयी बचकानी तैयारियां  और बी एस पी के ऊपर लगे एन.आर. एच. एम. घोटाले का आरोप ,अब बचा एक मात्र बड़ा विकल्प समाजवादी पार्टी के रूप में ,सपा के प्रदेश अध्यक्ष अखिलेश यादव अपनी हर एक रैली में कांग्रेस,राहुल पर खुल कर बरस रहे हैं,कांग्रेस के खिलाफ तो बोल सभी रहे हैं पर जनता के बीच में जिस आत्मविश्वास से केंद्र में कांग्रेस को बाहर से  समर्थन दे रही सपा के प्रदेश अध्यक्ष बुराईयाँ,बारीकियों के साथ गिना रहे हैं वैसे में जनता की हमदर्दी बटोरने में के साथ ही साथ सत्ता परिवर्तन कर चाभी सपा के हाथ में सौंपने की विनती  भी लगे हाथ कर लेते हैं !
प्रदेश में बाईस सालों की दुहाई दे कर कांग्रेस प्रदेश की जनता को विकास का झुनझुना थमाने की कोशिश में है,लोगों से बदलाव के नाम पर वोट कांग्रेस को देने की अपील रायबरेली में प्रियंका गांधी ने भी पर जब वही २४ घंटे में ७ घंटे बिजली आ रही है तो ऐसे में लाजिमी है की सवाल कांग्रेस पर उठेगा,क्योकि रायबरेली और अमेठी कांग्रेस का रजवाड़ा रहा है,जब पैतृक सीट पर ही विकास की रौशनी नही दिख रही हो तो बाकी प्रदेश का हाल कैसा होगा ये तो मतदाता जाने,लेकिन यूपी को आसान समझने वाले राहुल और कांग्रेसी ब्रिगेड के लिए ये लोहे  के चने चबाने जैसा ही होगा,यदि कांग्रेस का सपना सच होता है तो राहुल की राजनीति का भविष्य ज़रूर एक नये रंग और लिबास में होगा इस बात से इनकार चाहे प्रियंका करे या फिर खुद कांग्रेसी,क्योकि चुनावी नतीजे से पहले किसी भी नतीजे के बाद की तस्वीर न तो राहुल साफ़ करना चाहते हैं और न ही कांग्रेस पार्टी.!

No comments:

Post a Comment